कासगंज। जिले की बालिका बैडमिंटन प्रतिभाओं ने अपनी खेल क्षमता का दम दिखाते हुए अगले पड़ाव की राह बना ली है। जिला खेल कार्यालय की ओर से 29 सितंबर को सुमन्त कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज, सोरों में आयोजित जिला स्तरीय सब जूनियर बालिका बैडमिंटन चयन/ट्रायल में छह खिलाड़ियों का मंडलीय चयन/ट्रायल के लिए चयन किया गया है।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक उन्नाव जनपद में किया जाना है। इससे पहले कासगंज में जिला स्तर पर खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी गई। चयनित खिलाड़ियों में सुकन्या कुमारी, रीतू, कोमल यादव, परी यादव, अर्चना एवं दिव्या शामिल हैं।
जिला स्तर पर चयनित इन खिलाड़ियों को अब 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में मंडलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा। यहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे का चयन किया जाएगा।
जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंडल और प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। चयन के बाद अब खिलाड़ियों की नजर अलीगढ़ में होने वाले मंडलीय ट्रायल पर टिकी है।