फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 25 सितंबर 2026 राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, अलीगंज लखनऊ द्वारा प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में चतुर्थ चरण प्रवेश प्रक्रिया सत्र 2026-27 के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, फर्रुखाबाद के नोडल प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रथम चरण में प्रवेश के उपरांत ऐसे प्रवेशित अभ्यर्थी जो किसी कारणवश अपना प्रवेश निरस्त कराना चाहते हैं, उन्हें अपना नाम कटाने का अवसर दिया गया है। इसके लिए अभ्यर्थियों को एससीवीटी यूपी पोर्टल www.scvtup.in पर अपने लॉग-इन के माध्यम से 27 सितंबर 2026 से 29 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने किसी भी चरण में ‘Float’ विकल्प पर सहमति प्रदान की है और उनका अभी तक किसी चरण में उन्नयन नहीं हुआ है, उन्हें रिक्त सीटों के सापेक्ष मेरिट एवं विकल्प के क्रम में उन्नयन का अवसर प्रदान किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपनी पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि अंकित करनी होगी। यदि उनका उन्नयन हुआ है तो उन्हें बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसे प्रिंट प्राप्त किया जा सकता है। संबंधित सूचना अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन पर संदेश के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
उन्नयन सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 1 अक्टूबर 2026 से 3 अक्टूबर 2026 तक, अवकाश सहित, संबंधित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कराया जाएगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, फर्रुखाबाद ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।