Friday, 25 September 2026 | 9:02 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत मेहरूपुर सहजू में विशेष ग्राम चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का सुना गया समाधान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फर्रुखाबाद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम चौपाल आयोजित की गई। मेहरूपुर सहजू में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
Share:
फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत मेहरूपुर सहजू में विशेष ग्राम चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का सुना गया समाधान
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 25 सितंबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विकासखंड बढ़पुर की ग्राम पंचायत मेहरूपुर सहजू स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष ग्राम चौपाल आयोजित हुई।

चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप निदेशक कृषि, एआर कोऑपरेटिव, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम सचिव, प्रधान सहित जनपद एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य विभाग, एनआरएलएम एवं बैंक सहित अन्य विभागों के स्टॉल शामिल रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए गए। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए।

विशेष ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना तथा स्थानीय समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।