Friday, 06 November 2026 | 10:13 PM
भारत

गया; ए टी एम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Share:
गया; ए टी एम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

गया। गया पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से अवैध रूप से रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से अलग-अलग बैंकों के 48 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी स्वर्गीय शमशाद खान के पुत्र मोहम्मद आरिफ खान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना मिली कि भुसुंडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पैंट की पीछे वाली दाहिनी जेब से एक काले रंग का पर्स मिला, जिसमें अलग-अलग बैंकों के कुल 48 एटीएम कार्ड बरामद किए गए।