उन्नाव:(द दस्तक 24) धनतेरस एवं आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव के साथ थाना गंगाघाट क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार स्थित ज्वैलर्स की दुकानों का सघन निरीक्षण किया और दुकानदारों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने दुकानदारों को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा अधिक नकदी और बहुमूल्य आभूषणों के परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की।

निरीक्षण के बाद एसएसपी एवं एसपी उत्तरी ने बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त की और आमजन तथा व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए।

पर्वों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है।