Friday, 06 November 2026 | 10:36 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: ठंडी सड़क को मिला आधुनिक स्वरूप, ग्रीन बेल्ट, ओपन जिम और आकर्षक लाइटों का भव्य लोकार्पण

फर्रुखाबाद की ठंडी सड़क को 1.60 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप दिया गया है। ग्रीन बेल्ट, ओपन जिम, इंटरलॉकिंग फुटपाथ और आकर्षक लाइटों का लोकार्पण हुआ।
Share:
फर्रुखाबाद: ठंडी सड़क को मिला आधुनिक स्वरूप, ग्रीन बेल्ट, ओपन जिम और आकर्षक लाइटों का भव्य लोकार्पण
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) शहर की प्रसिद्ध ठंडी सड़क को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद की ओर से कराए गए विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ शिलापट का अनावरण कर रेलवे रोड से देवरामपुर क्रॉसिंग तक विकसित परियोजना का शुभारंभ किया। इस पूरी विकास परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत आई है।
ग्रीन बेल्ट और ओपन जिम बने आकर्षण का केंद्र
ठंडी सड़क के सौंदर्यीकरण के तहत पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग और आकर्षक टाइल्स लगाई गई हैं। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए सुंदर ग्रीन बेल्ट के साथ स्टील बेल्ट की व्यवस्था की गई है। वहीं, युवाओं, बुजुर्गों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए ओपन जिम की स्थापना की गई है। इसके अलावा रात के समय मार्ग को आकर्षक और रोशन बनाने के लिए आधुनिक लाइटें लगाई गई हैं। इन सुविधाओं से ठंडी सड़क का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।
शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता: वत्सला अग्रवाल
लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है। नगर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में फतेहगढ़ में भी इसी तर्ज पर 'अस्तोग्य पथ' का शुभारंभ किया गया था, जिसे जनता ने काफी सराहा।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी मनोज अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, बापू सोनी, अतुल शंकर दुबे, विवेक यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं ठेकेदार मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नगर पालिका के इस विकास कार्य की सराहना की।
ठंडी सड़क पर विकसित की गईं आधुनिक सुविधाएं शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और स्वच्छ वातावरण में समय बिताने का बेहतर अवसर प्रदान करेंगी।