Saturday, 31 October 2026 | 4:18 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, फार्मर रजिस्ट्री डिजिटल आईडी निर्माण और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली, कर-करेत्तर प्राप्तियों, राजस्व कार्यों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। उन्होंने तहसीलदारों, विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में एग्रीस्टेक एवं फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत किसानों की डिजिटल आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने तहसील एवं विकासखंड स्तर पर संबंधित लेखपालों और पंचायत सहायकों की स्पष्ट जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित मासिक एवं वार्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने बकायेदारों से नियमानुसार वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने तथा लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्तियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी राजस्व वसूली अथवा अन्य कार्यों में प्रगति कम है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व संग्रहण एवं प्रशासनिक कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल आईडी निर्माण और राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक कुमार, समस्त तहसीलदार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ज्योति चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।