Saturday, 31 October 2026 | 7:49 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:राजेपुर आकांक्षात्मक ब्लॉक का विशेष सचिव राजस्व अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

फर्रुखाबाद के आकांक्षात्मक विकासखंड राजेपुर का विशेष सचिव राजस्व अतुल वत्स ने निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:राजेपुर आकांक्षात्मक ब्लॉक का विशेष सचिव राजस्व अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) शासन की प्राथमिकताओं एवं आकांक्षात्मक ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंड राजेपुर का विशेष सचिव राजस्व, उत्तर प्रदेश शासन श्री अतुल वत्स ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप निदेशक कृषि, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विशेष सचिव राजस्व ने संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

विशेष सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय से उपचार, आवश्यक दवाइयां और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया।

आंगनबाड़ी और पोषण योजनाओं की समीक्षा

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को निर्देशित किया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। कुपोषण की स्थिति में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

किसानों और पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

कृषि विभाग को किसानों तक शासन की कृषि योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं अनुदान संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं पशुपालन विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं पर जोर

ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, स्वरोजगार एवं खादी ग्रामोद्योग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए विशेष सचिव ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

विशेष सचिव अतुल वत्स ने कहा कि आकांक्षात्मक ब्लॉक के समग्र विकास के लिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देकर कार्य करें। जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए राजेपुर विकासखंड को विकास के विभिन्न मानकों पर बेहतर स्थिति में लाने के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

584802
584804