फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। सड़कों पर बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों को तत्काल ठीक कराने के साथ ही मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी शीत ऋतु एवं कोहरे की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड, दिशा सूचक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग एवं अन्य सड़क सुरक्षा संकेतकों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोहरे और ओस के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को मार्ग एवं दिशा की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा संकेतकों को समय से व्यवस्थित किया जाए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियमित रूप से खड़ी होने वाली रोडवेज एवं निजी बसों को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों का ठहराव केवल निर्धारित बस स्टॉप एवं अधिकृत स्थलों पर ही कराया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियम विरुद्ध बस खड़ी करने तथा अनधिकृत स्थानों पर सवारियां उतारने-बैठाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन एवं वाहन चालकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोहरे के मौसम में वाहन चालकों को निर्धारित गति से वाहन चलाने, पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा सड़क पर लगे यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने भी सुचारु यातायात एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री गिरीश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्री सुभाष, परियोजना निदेशक एनएचएआई श्री विश्वास कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज, सदस्य सड़क सुरक्षा समिति श्री मुकेश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।