फर्रुखाबाद। जनपद में रबी फसल वर्ष 2026-27 की बुवाई के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में वर्तमान में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय से खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें और अनावश्यक खरीदारी एवं भंडारण से बचें।
जिलाधिकारी ने बताया कि रबी वर्ष 2026-27 में जनपद में खाद्यान्न फसलों के लिए कुल 1,06,546 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बुवाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें गेहूं का 70,749 हेक्टेयर, जौ का 1,851 हेक्टेयर, चना का 43 हेक्टेयर, मटर का 966 हेक्टेयर, राई-सरसों का 12,762 हेक्टेयर, मसूर का 3,153 हेक्टेयर तथा तोरिया का 17,021 हेक्टेयर लक्ष्य शामिल है। इसके अलावा आलू का लगभग 43,000 हेक्टेयर और गन्ने का 6,536 हेक्टेयर क्षेत्रफल प्रस्तावित है। इस प्रकार जनपद में कुल फसली आच्छादन का लक्ष्य 1,56,082 हेक्टेयर है।