फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम नगरिया देवधरापुर में दबिश देकर 12 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 100 किलोग्राम लहन बरामद किया।आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ ग्राम नगरिया देवधरापुर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बरामद लगभग 100 किलो लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान हरदेव नगर कमालगंज एवं कमालगंज स्थित कम्पोजिट दुकानों तथा रानुखेड़ा, हरदेव नगर कमालगंज और नई बस्ती कमालगंज स्थित देशी मदिरा दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से भी किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देश दिए गए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
आबकारी विभाग ने किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।