फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 24 सितंबर 2026 नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी के निर्देशन में संस्था संवेदना डेवलपमेंट सोसाइटी की आईईसी टीम द्वारा नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 05, 41, 34 एवं 35 में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नागरिकों को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कूड़ा पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान आईईसी टीम ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कूड़ा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार देने के लिए प्रेरित किया। नागरिकों से घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील भी की गई।
टीम ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया। बताया गया कि कूड़े का स्रोत पर ही पृथक्करण करने से कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
इस दौरान नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने और कूड़ा इधर-उधर न फेंकने की अपील की गई।