Sunday, 29 November 2026 | 8:18 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, 18-19 वर्ष के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश

फर्रुखाबाद में डीएम डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। 18 से 19 वर्ष के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और फार्मों के डिजिटाइजेशन के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद: डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, 18-19 वर्ष के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24)

 विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विकासखंड कमालगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा और राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6, मतदाता सूची से नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
792528

18 से 19 वर्ष के युवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बीएलओ को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने और विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को चिह्नित कर मतदाता सूची में उनका नाम शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने ईपी रेशियो (Elector Population Ratio) बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। प्राप्त फार्मों का डिजिटाइजेशन तत्काल कराया जाए और किसी भी स्तर पर फार्म अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं।
स्कूल में बच्चों से किया संवाद, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
792506
मतदान बूथ के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा का भी निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर बच्चों ने दोनों अधिकारियों का अभिवादन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर शिक्षण गतिविधियों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने प्रधानाध्यापिका शबाना अंजुम को कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए और शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से उनकी शैक्षिक प्रगति का आकलन किया जाए।
मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को साप्ताहिक रोस्टर एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि सर्दी के मौसम में बच्चे निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आएं और उनकी नियमित उपस्थिति बनी रहे।
विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारी को मुख्य द्वार एवं उसके आसपास साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कार्य पूरा होने के बाद लाइव लोकेशन सहित फोटो उपलब्ध कराने को भी कहा।
792517
इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां जिलाधिकारी ने मतदाता सूचियों का अवलोकन किया और बीएलओ से पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ अपने बूथ की जनसंख्या के सापेक्ष मतदाताओं की संख्या का विश्लेषण करें तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन बूथों पर जनसंख्या के अनुपात में नए मतदाताओं का पंजीकरण अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलेगा, वहां संबंधित बीएलओ की जिम्मेदारी निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को अभियान पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा में संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाया जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पुष्कर वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।