फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): 13 अक्टूबर 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने तहसील अमृतपुर के विकासखंड राजेपुर अंतर्गत ग्राम शेराखार कोटिया में निर्मित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तथा ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर कूड़े का नियमित संग्रहण कराया जाए और गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने केंद्र का नियमित एवं प्रभावी संचालन कराने, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छता अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सचिवालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के प्रभावी केंद्र के रूप में संचालित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उनकी समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।