उत्तर प्रदेश
एटा: प्रदर्शन के बाद प्रोफेसरों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रदेश के अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों द्वारा 2 नवम्बर से चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम में जे.एल.एन. कॉलेज, एटा के शिक्षकों ने बुधवार को भी काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत जे.एल.एन. कॉलेज, एटा एवं जनता महाविद्यालय, परसोन, एटा के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन सौंपने में जे.एल.एन. कॉलेज, एटा के शिक्षक एवं रम्पुटा के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र, रम्पुटा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राम अवध सिंह यादव, जनता महाविद्यालय, परसोन के शिक्षक एवं रम्पुटा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. विनोद कुमार पाल तथा जे.एल.एन. कॉलेज, एटा के अन्य शिक्षक रवि कुमार यादव, डॉ. रत्नेश कुमार मिश्र एवं आनंद कुमार सिंह शामिल रहे। जिलाधिकारी की ओर से एसडीएम अतिरिक्त रविन्द्र कुमार ने ज्ञापन लिया।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा अवकाश की सुविधा प्रदान करने, स्थानांतरण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की अनिवार्यता समाप्त करने तथा छात्रों की विवरणात्मक परीक्षाएं आयोजित कराने की मांग की।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय की विभिन्न परिषदों में महाविद्यालयों के शिक्षकों को प्रतिनिधित्व देने, उच्च शिक्षा निदेशालय में सिटीजन चार्टर लागू करने, यूजीसी के नियमों के अनुरूप ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश प्रदान करने तथा रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के अंतर्गत महाविद्यालयवार स्कूटी वितरण सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई गई।