Thursday, 05 November 2026 | 7:36 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: गंगा उत्सव पर हरि की पौड़ी घाट पर गूंजे मां गंगा के जयकारे, भव्य आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Share:
कासगंज: गंगा उत्सव पर हरि की पौड़ी घाट पर गूंजे मां गंगा के जयकारे, भव्य आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने गंगा संरक्षण के लिए जनसहभागिता को बताया जरूरी, स्वच्छ एवं अविरल गंगा का लिया संकल्प

सोरोंजी (कासगंज)। राष्ट्रीय नदी गंगा को समर्पित गंगा उत्सव-2026 के तहत बुधवार को सोरोंजी स्थित हरि की पौड़ी घाट पर जिला गंगा समिति की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, मां गंगा के पूजन और आरती के बीच पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। मां गंगा के जयकारों से घाट गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने मां गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां गंगा के विधिवत पूजन एवं आरती के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से आरती में सहभागिता की। दीपों की रोशनी और मां गंगा के जयकारों ने आयोजन को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।

मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि गंगा केवल करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक विरासत भी है। गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ जनसहभागिता भी जरूरी है। आमजन को गंगा नदी के साथ उसकी सहायक नदियों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए आगे आना होगा।

उन्होंने लोगों से नदियों में कूड़ा-कचरा एवं प्रदूषण फैलाने वाली सामग्री न डालने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता नवल कुलश्रेष्ठ, जिला गंगा समिति के सदस्य एवं शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के सदस्य राधाकृष्ण दीक्षित, बीएसए विकास सिंह, डीपीओ (नमामि गंगे) सुजीत तिवारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी विवेक कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।