इटावा:(द दस्तक 24) अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के निर्देश दिए।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान एडीजी ने जनपद में घटित अपराधों की स्थिति, अपराधियों के विरुद्ध की जा रही निरोधात्मक एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध नियंत्रण तथा आम नागरिकों के प्रति पुलिस के व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए, ताकि आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा जनसामान्य की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने पर विशेष बल दिया।
समीक्षा गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।