Monday, 23 November 2026 | 5:36 PM
भारत

गया के 28 किसान प्रशिक्षण लेने पूर्वी चंपारण के लिए रवाना

Share:
गया के 28 किसान प्रशिक्षण लेने पूर्वी चंपारण के लिए रवाना


गया के 28 किसानों को समेकित कृषि प्रणाली का प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु पूर्वी चंपारण के पिपराकोठी के लिए रवाना किये गए।
गया के  जिला कृषि पदाधिकारी, संजीव कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर 28 किसानों के दल को  रवाना किया। यह प्रशिक्षण कल यानी 23 से 27 नवम्बर तक चलेगा।
किसानों की रवानगी के अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि गया जिला के लाखों किसानों मे से केवल कुछ ही किसान इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों मे भाग ले पाते हैं अतः ये आवश्यक है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले किसान स्वयं सीखें और अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी सिखाने का काम करें। 
कृषि विभाग अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), गया द्वारा किसानों के क्षमता संवर्द्धन के लिये राज्य के अंदर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें गया जिला के विभिन्न प्रखण्डों के किसान उपयोगी विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। किसानों को संस्थान तक लाने ले जाने, उनके आवासन और भोजन आदि का व्यय योजना के प्रावधान के अनुरुप किया जाता है। 
किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से करने के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित होने के पश्चात किसानों को गया जिला के सरकारी वेबसाईट https://gaya.nic.in पर आवेदन करने का समय दिया गया। निर्धारित समय-सीमा के अंदर आवेदन करने वाले किसानों मे से 28 किसानों का चयन किया गया और उन्हे प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु भेजा जा रहा है।
महात्मा गाँधी समेकित कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, पिपराकोठी, पूर्वी चम्पारण, बिहार में अवस्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का समेकित कृषि प्रणाली के अनुसंधान का एक प्रतिष्ठित संस्थान है। संस्थान के द्वारा किसानों को खेती से अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने, वर्ष भर नियमित आय तथा खेती के जोखिम को कम करने के लिीये विभिन्न कृषि पारिस्थितिकी के लिये समेकित कृषि मॉडल को विकसित किया गया है, किसान अभिरुचि के अनुसार किसी भी मॉडल को अपनाकर अपनी आय को बढ़ा सकते हैं। 
किसानों का दल के साथ टीमलीडर के रुप में मो॰ अमन अली, सहायक तकनीकी प्रबंधक, आमस एवं श्री मणिकान्त मदन, सहायक तकनीकी प्रबंधक, नीमचक बथानी कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। आज रवाना हुये किसानों में कोंच के श्री सनोज कुमार, मोहड़ा के श्री अर्जुन महतो, फतेहपुर की श्रीमती कुमारी रुही एवं श्रीमती बबीता रवि सहित अन्य किसान सम्मिलित हैं। किसानों की रवानगी के अवसर पर उप परियोजना निदेशक, आत्मा एवं कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित थे।