Wednesday, 14 October 2026 | 4:58 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:औद्योगिक आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एनडीआरएफ एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की संयुक्त मॉक ड्रिल

फर्रुखाबाद के गैसिंगपुर स्थित इण्डेन बॉटलिंग प्लांट में गैस रिसाव से आग लगने की काल्पनिक स्थिति पर एनडीआरएफ एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की। अभ्यास में राहत-बचाव, अग्निशमन, चिकित्सा, यातायात प्रबंधन और विभागीय समन्वय की तैयारियों को परखा गया।
Share:
फर्रुखाबाद:औद्योगिक आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एनडीआरएफ एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की संयुक्त मॉक ड्रिल
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद(द दस्तक 24) 13 अक्टूबर 2026 औद्योगिक आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के संयुक्त तत्वावधान में 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को संयुक्त मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई।

मॉक एक्सरसाइज के प्रथम चरण में 12 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में ओरिएंटेशन कम कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस एवं टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित हुई। इसमें जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं हितधारक शामिल हुए।

बैठक में औद्योगिक आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यवाही, विभागीय जिम्मेदारियों, आपसी समन्वय, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इण्डेन बॉटलिंग प्लांट, गैसिंगपुर के मुख्य संयंत्र प्रबंधक ने इन्सिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) पर पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की भूमिका, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और त्वरित प्रतिक्रिया की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आगामी मॉक ड्रिल के लिए गैस रिसाव के कारण आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्धारित की गई।

इसी क्रम में 13 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे इण्डेन बॉटलिंग प्लांट, गैसिंगपुर में संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान गैस रिसाव से आग लगने की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली त्वरित कार्रवाई, राहत एवं बचाव कार्य, अग्निशमन व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल में 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद के डिप्टी कमांडेंट डॉ. कुबेर शर्मा एवं निरीक्षक श्री भीम सिंह सहित उप जिलाधिकारी सदर, सहायक परिवहन अधिकारी, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, इण्डेन बॉटलिंग प्लांट के मुख्य संयंत्र प्रबंधक, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ तथा संबंधित हितधारकों ने प्रतिभाग किया।

संयुक्त मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में संभावित दुर्घटनाओं के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करना, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग, विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की कार्यप्रणाली को मजबूत करना रहा।

एनडीआरएफ एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों से मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। अभ्यास से औद्योगिक आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभागों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।