कन्नौज(द दस्तक 24): 13 अक्टूबर 2026 जनपद कन्नौज की रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्य मंत्री श्री कैलाश राजपूत ने जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार की उपस्थिति में जनपद के ग्राम प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान किट प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के ग्राम प्रहरियों के कार्य एवं उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, स्थानीय स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा पुलिस को सहयोग प्रदान करने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम प्रहरियों के योगदान को प्रोत्साहित करना तथा उनके मनोबल को बढ़ाना रहा। सम्मान प्राप्त करने वाले ग्राम प्रहरियों ने इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।