जहानाबाद, 24 नवंबर ।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप के अवलोकनोपरांत जहानाबाद जिला शिक्षा कार्यालय ने मखदुमपुर प्रखंड के दो विद्यालयों के प्रधान शिक्षक और विशिष्ट शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कार्यालय-जिला शिक्षा पदाधिकारी, जहानाबाद से जारी आदेश के अनुसार दोनों के विरुद्ध विद्यालय के कार्य अवधि में आपत्तिजनक अवस्था में रहने, शिक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद पर पदस्थापित रहते हुए पदीय कर्त्तव्यों से इतर अमर्यादित कार्य करने में संलिप्त रहने तथा अनुशासनहीनता, कर्त्तव्यहीनता/अमर्यादित कार्य करने संबंधी आरोप पाए गए हैं।
न0 प्रा0 वि0 कुकरी विगहा, मखदुमपुर के प्रधान शिक्षक श्री प्रवीण कुमार को बिहार प्रारंभिक विद्यालय प्रधान शिक्षक नियमावली 2024 के निहित प्रावधानों के आलोक में तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही के अधीन किया जाता है।
अनुशासनिक कार्यवाही के निमित्त संचालन हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, जहानाबाद को संचालन पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मखदुमपुर को प्रस्तुतिकरण पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
निलंबनावधि में श्री प्रवीण कुमार, प्रधान शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मोदनगंज के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
उसी प्रकार म0वि0 माछिल मखदुमपुर की विशिष्ट शिक्षिका कहकशाँ हासमी को बिहार विशिष्ट शिक्षक (संशोधन) नियमावली 2024 के निहित प्रावधानों के आलोक में तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही के अधीन किया जाता है।
अनुशासनिक कार्यवाही के निमित्त संचालन हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, जहानाबाद को संचालन पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मखदुमपुर को प्रस्तुतिकरण पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाता है।
निलंबनावधि में कहकशाँ हासमी का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, रतनी फरीदपुर के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
कहकशाँ हासमी, विशिष्ट शिक्षिका, म0वि0 माछिल मखदुमपुर के विरुद्ध संबंधित आरोपों में आरोप पत्र अलग से गठित किया जा रहा है।
उक्त दोनों शिक्षक शिक्षिका के निलंबन का आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी जहानाबाद के आदेशानुसार निकाला गया है।