Wednesday, 25 November 2026 | 7:41 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: तहसील सदर के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी

फर्रुखाबाद तहसील सदर को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के विरोध में अधिवक्ताओं ने एसडीएम संजय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। बार एसोसिएशन तहसील सदर के अध्यक्ष रामेंद्र कटियार और सचिव ओम प्रकाश दुबे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने स्थानांतरण रोकने की मांग की। मांग पर कार्रवाई न होने की स्थिति में धरना-प्रदर्शन और हड़ताल की चेतावनी दी गई।
Share:
फर्रुखाबाद: तहसील सदर के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) तहसील सदर फर्रुखाबाद के स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। तहसील को वर्तमान परिसर से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच बुधवार को बार एसोसिएशन तहसील सदर के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण रोकने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन और हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।
बुधवार को बार एसोसिएशन तहसील सदर के अध्यक्ष रामेंद्र कटियार एवं सचिव ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने तहसील सदर को वर्तमान स्थान से दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन देकर प्रशासन को अपनी मांग से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
1938 से इसी परिसर में संचालित है तहसील सदर
स्थानांतरण से आम जनता को होगी परेशानी
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि तहसील सदर कार्यालय को शहर से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। यदि ऐसा होता है तो आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों को एक ही दिन में अलग-अलग सरकारी कार्यों के लिए कई स्थानों पर जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिसर में तहसील कार्यालय का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे मरम्मत कराकर दोबारा पूरी तरह उपयोगी बनाया जा सकता है। वर्षा के कारण भवन की पिछली दीवार भी मरम्मत योग्य है। ऐसे में नए स्थान पर कार्यालय स्थानांतरित करने के बजाय पुराने भवन की मरम्मत कराई जाए, जिससे कम खर्च में समस्या का समाधान हो सके और आम जनता को असुविधा भी न हो।
मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे धरना-प्रदर्शन और हड़ताल
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि तहसील सदर के स्थानांतरण की प्रक्रिया को रोका जाए और वर्तमान परिसर में ही आवश्यक मरम्मत कराकर कार्यालय का संचालन जारी रखा जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तहसील का स्थानांतरण नहीं रोका गया तो अधिवक्ता आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन और हड़ताल जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
इस दौरान रामेंद्र कटियार, ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू, होशियार सिंह राजपूत, हेमराज सिंह राजपूत, रुकमंगल सिंह चौहान, संजीव शाक्य, विपिन यादव, राजीव सिंह यादव, संजय कटियार, सतेंद्र शाक्य, अनूप कटियार, निखिल मिश्रा, स्वदेश दुबे, दिलीप कश्यप सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।