Wednesday, 25 November 2026 | 7:41 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज का दबदबा, भाषण में देवेश यादव प्रथम; नुक्कड़ नाटक में भी विद्यालय ने मारी बाजी

फतेहगढ़ के म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद स्तरीय भाषण, क्विज एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के देवेश यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नुक्कड़ नाटक में भी विद्यालय की टीम प्रथम रही। विजेता प्रतिभागियों को 30 नवंबर को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
Share:
फर्रुखाबाद: सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज का दबदबा, भाषण में देवेश यादव प्रथम; नुक्कड़ नाटक में भी विद्यालय ने मारी बाजी
फर्रुखाबाद :(द दस्तक 24) म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद स्तरीय भाषण, क्विज एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) के.के. यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक विषय प्रकाश ने किया।
772811
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार द्वारा प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं संचालन के लिए जनपदीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसी क्रम में 18 नवंबर को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें चयनित विजेता छात्र-छात्राओं ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
क्विज प्रतियोगिता में गायत्री सिंह ने मारी बाजी
क्विज प्रतियोगिता में एनकेपी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की गायत्री सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की हिमांशी द्वितीय तथा डीएवी इंटर कॉलेज रजलामई की प्राची तृतीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता में देवेश यादव प्रथम
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनकेपी बालिका इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की टीम द्वितीय तथा मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की टीम तृतीय स्थान पर रही।
30 नवंबर को जिलाधिकारी करेंगी विजेताओं को सम्मानित
विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी विजेता छात्र-छात्राओं को 30 नवंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले किसी भी प्रकार का मोटर वाहन नहीं चलाना चाहिए। यातायात नियमों की अनदेखी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एआरटीओ (प्रशासन) के.के. यादव ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं तथा एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।