Sunday, 29 November 2026 | 8:22 AM
भारत

गया: काम खत्म कर घर लौट रही महिलाओं का टेंपो नहर में पलटा, नौ घायल

Share:
गया: काम खत्म कर घर लौट रही महिलाओं का टेंपो नहर में पलटा, नौ घायल

–गोपालपुर के पास हुआ हादसा, एक महिला के सिर में गंभीर चोट; बेहतर इलाज के लिए गया रेफर

 नाइट शिफ्ट में काम समाप्त कर घर लौट रही श्रमजीवी महिलाओं से भरा ऑटो शनिवार को हादसे का शिकार हो गया। शेरघाटी के गोपालपुर के पास महिलाओं से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे में नौ महिलाएं घायल हो गईं। इनमें रानी देवी को गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं हल्दीराम भुजिया कंपनी में काम करती हैं। शनिवार को नाइट शिफ्ट में काम खत्म करने के बाद वे टेंपो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गोपालपुर के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टेंपो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। कंपनी के कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घायलों में चेरकी की अनिता देवी और रानी कुमारी तथा डीरावां की सुषमा देवी और अनिता देवी शामिल हैं। इसके अलावा पांच अन्य महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि एक महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है। अन्य घायल महिलाओं की स्थिति खतरे से बाहर है। कंपनी कर्मी परेमन यादव (सोनेखाप) ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
अर्जक संघ के जिलाध्यक्ष प्रहलाद राय ने घटना पर चिंता जताते हुए कंपनी से मांग किया है कि श्रमजीवी महिलाओं को उचित मुआवजा दिया जाय।