द दस्तक 24 , शेरघाटी (गया) युटुब पर प्रसारित एक कथित अश्लील गीत को लेकर गुरुवार को शेरघाटी में नाई समाज के लोगों ने विरोध जताया। अखिल भारतीय नाई संघ की अनुमंडलीय इकाई के बैनर तले जेपी चौक से थाना मोड़ तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने गीत को नाई समाज और सैलून संचालकों के सम्मान के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि गीत के बोल के माध्यम से नाई समाज के कामकाज और समाज की महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने ऐसे गीतों के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
मार्च के बाद संघ के अनुमंडल अध्यक्ष डॉ. वीके शर्मा के नेतृत्व में शेरघाटी थाने में आवेदन सौंपा गया। आवेदन में यूट्यूब चैनल पर कथित अश्लील गीत प्रसारित करने वाले गायक गणेश लाजवाब यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। संघ ने संबंधित चैनल से गीत हटवाने की भी मांग की।
विरोध मार्च के दौरान लोगों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर अमर रहे और नाई समाज जिंदाबाद के नारे लगाए। समाज के लोगों ने कहा कि समाज के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इस मौके पर परमानंद मनी, सनोज कुमार, सरवन ठाकुर, सूरज ठाकुर, रमेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
भारत
गया: आपत्तिजनक गीत पर भड़का नाई समाज, निकाला आक्रोश मार्च
Read in your preferred language.