Tuesday, 17 November 2026 | 5:42 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारम्भ, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने प्रचार-रथ को दिखाई हरी झंडी

संक्षिप्त विवरण फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा प्रचार-रथ को हरी झंडी दिखाकर 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारम्भ किया। अभियान के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। वर्ष 2026 में अक्टूबर तक सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में कमी दर्ज की गई है।
Share:
फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारम्भ, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने प्रचार-रथ को दिखाई हरी झंडी
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट परिसर, फतेहगढ़ से सड़क सुरक्षा प्रचार-रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल स्वयं का जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी बचाई जा सकती है।
सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में आई कमी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि शासन के निर्देश पर विभिन्न विभागों के समन्वय से जनपद में व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अक्टूबर तक जनपद में कुल 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 222 लोगों की मृत्यु हुई। वहीं वर्ष 2025 की इसी अवधि में 395 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं और 226 लोगों की जान गई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी आई है।
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जाएगा। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी।
विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी सड़क सुरक्षा की शपथ
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर शपथ दिलाई जाएगी।
रोड सेफ्टी क्लबों के माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को वाहन न चलाने तथा निर्धारित आयु पूरी होने के बाद वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करके ही वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डीएम ने आमजन से की यातायात नियमों के पालन की अपील
की अपील
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करे और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग दे।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मुरलीधर, एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार यादव, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, एआरएम राजेश कुमार, टीआई ओम प्रकाश पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।