Sunday, 29 November 2026 | 8:22 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: हजरत शेख मखदूम शाह लंगरजहां के 702वें उर्स की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद के शेखपुर में हजरत शेख मखदूम शाह लंगरजहां के 702वें उर्स की तैयारियों का डीएम डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने निरीक्षण किया।
Share:
फर्रुखाबाद: हजरत शेख मखदूम शाह लंगरजहां के 702वें उर्स की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24)

 कमालगंज क्षेत्र के शेखपुर स्थित हजरत शेख मखदूम शाह लंगरजहां रहमतुल्लाह अलैह के 702वें उर्स को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने संयुक्त रूप से उर्स स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
793166
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उर्स में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले जायरीन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही नियमित साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आयोजन स्थल, प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन एवं पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि जायरीन और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
793162
डीएम और एसपी ने संवेदनशील स्थानों पर निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पहले से आवश्यक इंतजाम करने को कहा। उन्होंने आयोजकों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय बनाकर उर्स को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उर्स में आने वाले जायरीन की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग समय से तैयारियां पूरी कर आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पुष्कर वर्मा, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार, थानाध्यक्ष कमालगंज दीपक त्रिवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।