Sunday, 29 November 2026 | 9:18 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में सीएमओ पर 45 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप, ठेकेदार से बातचीत का ऑडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

फर्रुखाबाद में स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय और एक ठेकेदार के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने से विभाग में हलचल मच गई है। ठेकेदार ने भुगतान के बदले 45 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Share:
फर्रुखाबाद में सीएमओ पर 45 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप, ठेकेदार से बातचीत का ऑडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) स्वास्थ्य विभाग में टेंडर और भुगतान को लेकर चल रहा विवाद अब कथित कमीशनखोरी के आरोपों तक पहुंच गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय और एक ठेकेदार के बीच बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। ऑडियो को लेकर ठेकेदार ने भुगतान के नाम पर 45 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला आवास विकास कॉलोनी निवासी ठेकेदार अवनीश से जुड़ा बताया जा रहा है। ठेकेदार का आरोप है कि सीएमओ द्वारा भुगतान के एवज में 45 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। इसमें 25 प्रतिशत स्वयं लेने और 20 प्रतिशत स्टोर के नाम पर देने का दबाव बनाया गया। ठेकेदार ने पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी से करने और सीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।
टेंडर और भुगतान को लेकर पहले से चल रहा विवाद
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग में टेंडर और जीएसटी छूट से संबंधित प्रमाण पत्रों में कथित फर्जीवाड़े को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। बीती 18 नवंबर को सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के आदेश पर एसीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार यादव की ओर से दो फर्मों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ने की बात सामने आई थी। अब इसी विवाद के बीच ठेकेदार द्वारा कथित बातचीत का ऑडियो प्रसारित किए जाने से मामला और चर्चा में आ गया है।

10 लाख से अधिक की सामग्री आपूर्ति का दावा

ठेकेदार अवनीश के अनुसार, उसे 28 जुलाई को स्वास्थ्य सामग्री आपूर्ति का टेंडर मिला था। जुलाई महीने में ही उसने करीब 10 लाख 8 हजार रुपये की सामग्री स्वास्थ्य विभाग को सप्लाई की थी। आरोप है कि भुगतान प्राप्त करने के लिए सीएमओ और स्टोर के नाम पर लाखों रुपये देने पड़े। इसके बावजूद उसका कुछ भुगतान अभी तक बकाया है।

ऑडियो में 45 प्रतिशत कमीशन की चर्चा का दावा

प्रसारित ऑडियो में ठेकेदार को सीएमओ से छोटे ठेकेदारों पर दबाव नहीं बनाने की बात कहते हुए सुना जाने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में कथित तौर पर 45 प्रतिशत कमीशन की मांग का भी जिक्र है। ठेकेदार का कहना है कि उसने 50 हजार रुपये देने से इनकार कर दिया है और अब वह सीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहा है।
सीएमओ का पक्ष नहीं मिल सका
मामले में सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है।
फिलहाल वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता, कथित कमीशन की मांग और ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। अब निगाहें जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच एवं संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।