फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनात रहे गिरीश कुमार सिंह का स्थानांतरण अलीगढ़ जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के पद पर हो गया है। उनके स्थानांतरण के अवसर पर शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गिरीश कुमार सिंह के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं जनहितैषी कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए उन्होंने अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गिरीश कुमार सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनकी नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
गौरतलब है कि गिरीश कुमार सिंह ने 9 अप्रैल 2026 को फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग साढ़े सात महीने तक जनपद में अपनी सेवाएं देने के बाद हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनका स्थानांतरण अलीगढ़ कर दिया गया है, जहां वह अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
उनके स्थानांतरण को लेकर पुलिस विभाग में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।