Wednesday, 16 September 2026 | 11:59 PM
भारत

फर्रुखाबाद:आलू किसानों की बर्बादी रोकने को अजय अनमोल की आपात बैठक, 20 अगस्त को सातनपुर मंडी में होगा बड़ा ऐलान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 जनपद में लगातार दो वर्षों से आलू की खेती में नुकसान झेल रहे किसानों की समस्याओं को लेकर किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने कटियार कोल्ड स्टोरेज में किसानों, आलू व्यापारियों, कोल्ड स्टोरेज मालिकों और आलू आढ़तियों के प्रतिनिधियों के साथ आपात बैठक क
Share:
फर्रुखाबाद:आलू किसानों की बर्बादी रोकने को अजय अनमोल की आपात बैठक, 20 अगस्त को सातनपुर मंडी में होगा बड़ा ऐलान
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 जनपद में लगातार दो वर्षों से आलू की खेती में नुकसान झेल रहे किसानों की समस्याओं को लेकर किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने कटियार कोल्ड स्टोरेज में किसानों, आलू व्यापारियों, कोल्ड स्टोरेज मालिकों और आलू आढ़तियों के प्रतिनिधियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में आलू किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से प्रभावी आलू नीति बनाने की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए अजय अनमोल ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है, लेकिन यहां अधिक उत्पादन करने वाला किसान ही सबसे अधिक नुकसान झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कई अन्य देशों में अधिक उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाता है, जबकि यहां उत्पादन बढ़ने पर किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य तक नहीं मिल पाता।

उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद की अपनी कर्मभूमि के आलू किसानों की लगातार दो वर्षों से खराब आर्थिक स्थिति चिंता का विषय है। किसान, व्यापारी और इससे जुड़े अन्य लोग भी संकट से गुजर रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

अजय अनमोल ने कहा कि आलू किसानों को बर्बादी से बचाने और उन्हें स्थायी राहत दिलाने के लिए सरकार से प्रभावी आलू नीति बनवाने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने किसानों और आलू कारोबार से जुड़े लोगों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

20 अगस्त को सातनपुर मंडी में होगी सभा

आलू किसानों की समस्याओं को लेकर आगामी 20 अगस्त को सातनपुर आलू मंडी में किसानों, आलू आढ़तियों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों की बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। बैठक में आलू किसानों की मौजूदा समस्याओं, फसल के उचित मूल्य और भविष्य की आलू नीति को लेकर ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। इसी सभा में आंदोलन की आगामी रूपरेखा और प्रमुख कार्यक्रमों का ऐलान किए जाने की बात कही गई है।

आपात बैठक में किसान आंदोलन प्रभारी अशोक कटियार, व्यापार मंडल अध्यक्ष सर्वेश अग्रवाल, कोल्ड स्टोरेज मालिक प्रवीन कटियार, आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, आढ़ती अजय वर्मा, बेचेलाल राजपूत, बृजपाल शाक्य, व्यापार मंडल पिछड़ा वर्ग कल्याण अध्यक्ष रामलड़ैते राजपूत, किसान नेता अरविंद राजपूत, उन्नतिशील किसान देवकीनंदन वर्मा, मा. राजेश सिंह, संजीव कटियार, सौरभ मिश्रा और मान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।