फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 16 सितम्बर 2026 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के मार्गदर्शन में जनपद में 14 से 20 सितंबर 2026 तक विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के तहत विशेष स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों (NCD) की रोकथाम, रोगियों को सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
अभियान के दौरान जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्तर की स्वास्थ्य इकाइयों तक विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और अन्य चिकित्सा इकाइयों पर आमजन के लिए एनसीडी स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं।
मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी पुरानी एवं क्रॉनिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को सुरक्षित दवा के उपयोग और आवश्यक परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों को दवाओं के उचित एवं सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
जन-जागरूकता के लिए रैलियों, मैराथन, विचार-विमर्श सत्रों एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों पर रोगी सुरक्षा से संबंधित पोस्टर और वीडियो सामग्री के माध्यम से मरीजों एवं तीमारदारों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों एवं आम नागरिकों द्वारा ‘रोगी सुरक्षा प्रतिज्ञा’ भी ली जा रही है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा सुरक्षित चिकित्सा व्यवस्था के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
इसके साथ ही चिकित्सा इकाइयों में प्रिसक्रिप्शन एवं औषधियों के उचित उपयोग का ऑडिट किया जा रहा है। ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों का विश्लेषण कर उन्हें जिला स्तर पर साझा किया जा रहा है, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
यह अभियान जिले के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों, क्षय चिकित्सालय, टीबी क्लीनिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद, कायमगंज, राजेपुर, शमसाबाद, नवाबगंज, सिविल चिकित्सालय फतेहगढ़ तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) द्वारा संबंधित चिकित्सा इकाइयों के प्रभारियों को अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय पर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।