Thursday, 17 September 2026 | 2:26 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:किसान दिवस में किसानों की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। बैठक में किसानों ने चीनी की निर्धारित दर से अधिक बिक्री, विद्युत कटौती, पशु टीकाकरण और बैंकिंग संबंधी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:किसान दिवस में किसानों की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
फतेहगढ़ विकास भवन
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 16 सितम्बर 2026 विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को सुना गया और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के प्रारंभ में उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र ने किसान दिवस में पहुंचे सभी कृषक भाइयों, किसान प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी की अनुमति से किसान दिवस की औपचारिक कार्यवाही शुरू की गई।

जिला विकास अधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर 2026 से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई तथा सभी से अभियान में सहभागिता करने का अनुरोध किया।

जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि रबी सत्र में चना, मटर, मसूर, सरसों और तोरिया आदि फसलों के मिनीकिट के लिए किसान बुकिंग करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। निर्धारित मूल्य से अधिक दर वसूलने या ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उप कृषि निदेशक ने मृदा स्वास्थ्य सुधार के लिए हरी खाद, वर्मी कंपोस्ट तथा फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों जैसे मल्चर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर और सुपर सीडर आदि के प्रयोग पर जोर दिया।

किसानों ने उठाईं प्रमुख समस्याएं

किसानों ने बैठक में कई महत्वपूर्ण समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—

1. चीनी की निर्धारित दर से अधिक बिक्री:

प्रगतिशील कृषक शिव प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि फुटकर विक्रेताओं द्वारा चीनी 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेची जा रही है, जबकि सरकारी निर्धारित दर 46 रुपये है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित कर डीलर एवं थोक व्यापारी के स्टॉक की जांच कराने के निर्देश दिए।

2. विद्युत कटौती:

कृषक रामबहादुर राजपूत ने अनियोजित विद्युत कटौती की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को समस्या के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

3. पशु टीकाकरण:

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जनपद के सभी गांवों में कराए गए पशु टीकाकरण की विकासखंडवार कवरेज एवं क्रॉस-चेकिंग कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

4. बैंकिंग एवं अनुदान संबंधी समस्या:

ग्रामीण बैंकों के मर्जर के बाद IFSC कोड बदलने से किसानों को अनुदान राशि प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया गया।

बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों एवं ज्ञापनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, जिला ग्राम्य विकास अधिकारी कपिल कुमार, तहसीलदार रंजीत कुमार यादव, कृषि विज्ञान केंद्र गंधपुर बंजारा के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार, पर्यावरण विशेषज्ञ श्रीमती गुंजा जैन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार सहित सिंचाई, सहकारिता, विद्युत, नाबार्ड, मंडी, उद्यान एवं फसल बीमा योजना आदि विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।