फर्रूखाबाद (दस्तक 24)। फर्रुखाबाद के थाना शमसाबाद पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम को वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की 3 बाइक समेत 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 14 सितंबर 2026 को शमसाबाद निवासी अनुराग शुक्ला ने अपनी बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों—लेखराज (निवासी शाहजहांपुर, हाल पता पाली हरदोई) और हरिओम (निवासी बेला बरई, शमसाबाद)—को गिरफ्तार किया।
पुलिसिया पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने शौक और निजी खर्च पूरे करने के लिए बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की कुल 3 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। दोनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सचिन सिंह चौधरी, उपनिरीक्षक हरीश कुमार, अनुज कुमार सिंह व एसओजी प्रभारी सन्त कुमार शामिल रहे।