एटा, 28 नवंबर। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ की कार्यशैली और शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर जे.एल.एन. डिग्री कॉलेज, एटा के शिक्षकों ने शनिवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। रम्पुटा (राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) के 11 सूत्रीय मांगपत्र के समर्थन में शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिक्षकों ने निजी महाविद्यालयों में नकल पर रोक लगाने, परीक्षा पारिश्रमिक एवं टीए-डीए का भुगतान करने, शीतकालीन अवकाश में संशोधन, वरिष्ठता सूची जारी करने, शिक्षक कल्याण कोष की बैठक बुलाने, शोधार्थियों की समस्याओं के समाधान और डिजिटल मूल्यांकन का उचित पारिश्रमिक निर्धारित करने सहित 11 मांगें उठाईं। रम्पुटा के आह्वान पर 27 और 28 नवंबर को विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
शिक्षकों ने कहा कि नकल से विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद होता है और राष्ट्र की शैक्षिक गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी महाविद्यालयों की छात्राओं को 1033, जबकि सरकारी और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों की छात्राओं को केवल छह स्कूटी मिलीं। शिक्षकों ने निजी महाविद्यालयों में पढ़ाई और शिक्षकों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने वर्तमान परीक्षाओं में नकल की लगातार मिल रही शिकायतों पर चिंता जताई।
प्रदर्शन में रम्पुटा कार्यकारिणी के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, प्रोफेसर शकील अहमद, संजय यादव, डॉ. सर्वेंद्र कुमार, डॉ. बाबू लाल भारती, डॉ. आसिफ कलीम, डॉ. रत्नेश मिश्र, आनंद कुमार सिंह, डॉ. ओंकार नाथ एवं रवि यादव मौजूद रहे।
शिक्षकों ने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षक सम्मान, अधिकारों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो रम्पुटा धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन का अगला चरण शुरू करेगा और उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराएगा।
उत्तर प्रदेश
एटा: विश्वविद्यालय की कार्यशैली और लंबित मांगों को लेकर प्रोफेसरों ने जताया विरोध