फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) शमशाबाद क्षेत्र के ढाई घाट गंगा तट पर 18 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले पारंपरिक कार्तिक मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जनपद के अधिकारियों ने मेला स्थल पर पहुंचकर संयुक्त बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
दो जनपदों के अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

संयुक्त बैठक में फर्रुखाबाद जनपद की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, शमशाबाद थाना प्रभारी सचिन चौधरी तथा जिला पंचायत के अवर अभियंता मेघ सिंह मौजूद रहे।
वहीं शाहजहांपुर जनपद से अपर जिलाधिकारी रजनीश मिश्रा, जलालाबाद मेला अधिकारी अरुण कुमार भारती और सहायक मेला अधिकारी संतोष कुमार ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।
सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा तट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रबंधन, घाटों की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

ढाई घाट पर आयोजित होने वाला कार्तिक मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दोनों जनपदों के प्रशासन ने समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया है।