Thursday, 19 November 2026 | 12:39 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: विधायक सुशील कुमार शाक्य ने स्वयं की स्वगणना, जनपदवासियों से जनगणना-2027 में सहभागिता की अपील

अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वयं स्वगणना कर जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और बेहतर भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं।
Share:
फर्रुखाबाद: विधायक सुशील कुमार शाक्य ने स्वयं की स्वगणना, जनपदवासियों से जनगणना-2027 में सहभागिता की अपील
फर्रुखाबाद। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के उद्देश्य से अमृतपुर विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य ने बुधवार को स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से राष्ट्रीय महाअभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज कराने की अपील की।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी अमृतपुर सुश्री श्वेता साहू ने विधायक को स्वगणना की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान ऑनलाइन माध्यम से विवरण दर्ज करने तथा जनगणना में नागरिकों की सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई।
720558
विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक स्वरूप को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के बेहतर नियोजन एवं क्रियान्वयन में सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सभी नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज करें तथा परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और परिचितों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में जनपद में भारत की जनगणना-2027 के प्रति व्यापक जनजागरूकता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ना और जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 को राष्ट्रीय दायित्व एवं जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर मानते हुए स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। नागरिकों द्वारा दी गई सही एवं सटीक जानकारी देश के बेहतर नियोजन, संसाधनों के समुचित वितरण और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगी।