Wednesday, 11 November 2026 | 8:09 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:इस्तेमाल की गई सुई चुभने पर न करें लापरवाही, संक्रमण से बचाव के लिए तुरंत उठाएं जरूरी कदम

अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में इस्तेमाल की गई सुई चुभने की घटनाएं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए गंभीर संक्रमण का खतरा पैदा कर सकती हैं। एम्स गोरखपुर की रिपोर्ट में वर्ष 2022 से 2025 के बीच 128 स्वास्थ्यकर्मियों को सुई या धारदार उपकरण से चोट लगने के मामले सामने आए। विशेषज्ञों ने ऐसी घटना होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय जांच और संक्रमण से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
Share:
फर्रुखाबाद:इस्तेमाल की गई सुई चुभने पर न करें लापरवाही, संक्रमण से बचाव के लिए तुरंत उठाएं जरूरी कदम
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) स्वास्थ्य संस्थानों में इंजेक्शन लगाने और इस्तेमाल की गई सुई के निस्तारण के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्यकर्मियों के लिए गंभीर संक्रमण का खतरा पैदा कर सकती है। एम्स गोरखपुर की एक रिपोर्ट में वर्ष 2022 से 2025 के बीच 128 स्वास्थ्यकर्मियों को इस्तेमाल की गई सुई या धारदार उपकरण से चोट लगने के मामले सामने आए। इनमें सबसे अधिक घटनाएं ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में दर्ज की गईं, जबकि ऑपरेशन थिएटर भी ऐसे मामलों के लिहाज से संवेदनशील रहा। रिपोर्ट के अनुसार, छह महीने के फॉलोअप में किसी भी संबंधित स्वास्थ्यकर्मी में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी या हेपेटाइटिस-सी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस्तेमाल की गई सुई से चोट लगने पर एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी जैसे संक्रमण का खतरा हो सकता है। इससे बचाव के लिए इंजेक्शन लगाने से लेकर सुई के निस्तारण तक निर्धारित सावधानियों का पालन करना जरूरी है। प्रत्येक मरीज के लिए नई और स्टेराइल सुई व सिरिंज का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस्तेमाल के बाद सुई को दोबारा ढक्कन लगाने, मोड़ने या हाथ से अलग करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उसे तुरंत निर्धारित छेदरोधी शार्प्स कंटेनर में डालना चाहिए। इस्तेमाल की गई सुई और अन्य धारदार उपकरणों को सामान्य कूड़े में नहीं फेंकना चाहिए।
बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के नियमों के अनुसार, इस्तेमाल की गई सुई और अन्य धातु के धारदार उपकरणों को सफेद पारदर्शी, छेदरोधी कंटेनर में रखा जाता है। वहीं, संक्रमित प्लास्टिक कचरे और कांच की सामग्री के लिए निर्धारित अलग-अलग रंगों के कंटेनरों का इस्तेमाल किया जाता है। कचरे का निस्तारण अधिकृत व्यवस्था के माध्यम से ही किया जाना चाहिए।
यदि किसी स्वास्थ्यकर्मी को इस्तेमाल की गई सुई चुभ जाए तो सबसे पहले प्रभावित स्थान को साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। घाव को दबाकर खून निकालने, रगड़ने या मुंह से चूसने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। आंख या मुंह में संक्रमित सामग्री पहुंचने पर पर्याप्त पानी से धोना चाहिए। ऐसी घटना की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारी को देकर बिना देरी चिकित्सकीय मूल्यांकन कराना जरूरी है।
चिकित्सकीय जांच के बाद संक्रमण के जोखिम के अनुसार आवश्यक दवाएं दी जा सकती हैं। एचआईवी संक्रमण की आशंका होने पर डॉक्टर की सलाह से पोस्ट एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (पीईपी) शुरू की जाती है। इसे जितनी जल्दी हो सके शुरू करना चाहिए, आदर्श रूप से दो घंटे के भीतर और अधिकतम 72 घंटे के अंदर। जरूरत पड़ने पर इसका निर्धारित कोर्स 28 दिनों का होता है। हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए टीकाकरण महत्वपूर्ण है। यदि संबंधित व्यक्ति का टीकाकरण नहीं हुआ है या उसकी प्रतिरोधक क्षमता पर्याप्त नहीं है, तो संक्रमण के स्रोत और टीकाकरण की स्थिति के आधार पर चिकित्सक हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन तथा इम्युनोग्लोबुलिन देने का निर्णय ले सकते हैं। वहीं, हेपेटाइटिस-सी के लिए फिलहाल कोई प्रभावी टीका या प्रमाणित बचाव की दवा उपलब्ध नहीं है, इसलिए जांच और निर्धारित फॉलोअप जरूरी है।
स्वास्थ्यकर्मियों के लिए जरूरी है कि वे इंजेक्शन लगाने, रक्त के नमूने लेने और अन्य प्रक्रियाओं के दौरान दस्ताने सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। सुई और धारदार उपकरणों के इस्तेमाल तथा निस्तारण में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें। समय पर सूचना, चिकित्सकीय जांच और उचित बचाव उपचार से संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है।