डीएम-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों के भोजन की गुणवत्ता खुद परखी
साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जेल अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कासगंज। जनपद की कानून व्यवस्था और जिला कारागार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों के जेल पहुंचते ही कारागार प्रशासन में सक्रियता दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता स्वयं चेक की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और इसकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही दोनों अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेल अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कारागार में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने और जेल की आंतरिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने पर जोर दिया।
दोनों अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि कारागार की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में अनुशासन, सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना रहा।