
फर्रुखाबाद (द दस्तक 24) : जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में स्थित पुठरी शिव मंदिर के पर्यटन विकास को लेकर शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026 को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत ₹77.13 लाख की लागत वाली पर्यटन विकास परियोजना का भूमि पूजन फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत एवं अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य द्वारा विधि-विधानपूर्वक किया गया।
परियोजना का क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) द्वारा कराया जाएगा। विकास कार्यों के तहत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य प्रस्तावित हैं।
परियोजना के अंतर्गत मल्टीपरपज हॉल, इंटरलॉकिंग, किचन, लैंडस्केपिंग सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। इन सुविधाओं के निर्माण से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्य पूर्ण होने के बाद पुठरी स्थित शिव मंदिर को धार्मिक पर्यटन के लिहाज से और अधिक विकसित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। इससे क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाएं भी मजबूत होने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. मकबूल, परियोजना प्रबंधन से सी.के. चतुर्वेदी, सहायक परियोजना प्रबंधक सुरेश मिश्रा, सहायक अभियंता नलिन भदौरिया एवं जेई निशांत शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सांसद एवं विधायक को परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत एवं विधायक सुशील कुमार शाक्य ने जनपद में पर्यटन विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्यों से जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।