Saturday, 10 October 2026 | 4:37 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज : मतदाता सूची में नाम छूटा तो मिलेगा मौका, विशेष अभियान में जुटेंगे बीएलओ

Share:
कासगंज : मतदाता सूची में नाम छूटा तो मिलेगा मौका, विशेष अभियान में जुटेंगे बीएलओ
Read in your preferred language.

कासगंज, 09 अक्टूबर 2026। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को अपराह्न 4:30 बजे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अभियान में सहयोग की अपील की गई।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जाने वाले इस अभियान के तहत मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके नाम शामिल करने की प्रक्रिया पर जोर दिया जाएगा। पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे।

अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना 07 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और उसकी पूरक सूचियों से करेंगे। इसके आधार पर संबंधित मतदाताओं की पहचान की जाएगी। उनकी वर्तमान स्थिति की पुष्टि के लिए बीएलओ घर-घर जाकर जानकारी प्राप्त करेंगे, ताकि पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाएं।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तैनात करने और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से शिव प्रताप सिंह सोलंकी, समाजवादी पार्टी से मनोज यादव उर्फ सत्येन्द्र यादव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से विमल कुमार सिंह, आरएलडी के विधानसभा अध्यक्ष मानपाल बघेल, बहुजन समाज पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष बॉबी लम्बरदार एवं विधानसभा प्रभारी कासगंज सोमदत्त पाठक, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव सम्राट मनोज शाक्य तथा सीपीआईएम से विजय प्रताप सिंह और सुनील सिंह शामिल रहे।

विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाना और पात्र नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए राजनीतिक दलों और निर्वाचन तंत्र के बीच समन्वय स्थापित कर छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर दिया जा रहा है।