Saturday, 31 October 2026 | 3:08 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को किया गया नमन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ

फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।
Share:
फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को किया गया नमन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 31 अक्टूबर 2026 शासन के निर्देशों के क्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री अरुण कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री अरुण कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुश्री पारुल तरार सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री अरुण कुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनके दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूती प्रदान की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करना तथा राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध करना है। सरदार पटेल के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए आपसी सद्भाव, सहयोग, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। सभी ने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने, नागरिकों के बीच आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना पूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट सुश्री पारुल तरार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।