Monday, 23 November 2026 | 5:36 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : ट्राले ने कार को घसीटा, बड़ा हादसा टला

गोला गोकर्णनाथ के विकास चौराहे पर मौरंग से भरे एक ट्राले ने कार को अपनी चपेट में लेकर कुछ दूर तक घसीट लिया। कार स्वामी ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
Share:
लखीमपुर खीरी : ट्राले ने कार को घसीटा, बड़ा हादसा टला
हादसे की तस्वीर
गोला गोकर्णनाथ: विकास चौराहे पर सोमवार को सुबह के समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गोला गोकर्णनाथ के विकास चौराहे पर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौरंग से भरे एक ट्राले ने कार को अपनी चपेट में लेकर कुछ दूर तक घसीट लिया। कार स्वामी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे में कार का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ।

गोला बजाज शुगर फैक्ट्री का संचालन शुरू होते ही इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। वहीं सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो जाता है जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि विकास चौराहे के आसपास सड़क किनारे ठेले, खोमचे और दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जे के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है। ऊपर से दिन के समय भारी वाहनों के आवागमन से रोजाना घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्कूली बच्चों, ऑफिस जाने वाले लोगों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विकास चौराहे पर सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाया जाए तथा भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।