Sunday, 27 September 2026 | 4:06 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : गन्ना समिति सामान्य निकाय की बैठक में किसानों ने किया हंगामा, डेलीगेट और किसानों ने गन्ना भुगतान का किया प्रस्ताव

बैठक शुरू होने से पहले ही समिति के डेलीगेट अनिल कुमार, जगदीश प्रसाद, विनोद कुमार, भूपराम, प्रेम सागर ने सचिव बलवंत चौधरी को लिखित प्रस्ताव दिया।
Share:
लखीमपुर खीरी : गन्ना समिति सामान्य निकाय की बैठक में किसानों ने किया हंगामा, डेलीगेट और किसानों ने गन्ना भुगतान का किया प्रस्ताव
बैठक की तस्वीर
Read in your preferred language.
गोला गोकर्णनाथ में स्थित स्थानीय सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड के सामान्य निकाय की बैठक मे किसानों और डेलीगेटों ने बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड के गन्ना भुगतान को लेकर हंगामा किया और 15 अक्टूबर तक ब्याज सहित गन्ना भुगतान करवाने और भुगतान न करने पर चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू करने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की।

बैठक शुरू होने से पहले ही समिति के डेलीगेट अनिल कुमार, जगदीश प्रसाद, विनोद कुमार, भूपराम, प्रेम सागर ने सचिव बलवंत चौधरी को लिखित प्रस्ताव दिया, जिसमें लिखा गया कि गन्ना किसान बजाज चीनी मिल के भुगतान के लिए परेशान है लेकिन बैठक के  विचारणीय विषयों में यह बिंदु नहीं रखा गया। पत्र में 15 अक्टूबर तक मय ब्याज गन्ना भुगतान करे अन्यथा पेराई सत्र शुरू न करने की अनुमति न देने का प्रस्ताव कर गन्ना आयुक्त को प्रस्ताव की प्रतिलिपि भेजे जाने का आग्रह किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए गोला विधायक माननीय अमन गिरि ने कहा हमारी सरकार किसानों के लिए हितबद्ध है उन्हें प्रसन्नता है कि सहकारी गन्ना विकास समिति गन्ना किसानों के लिए काम कर रही है।

राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने कहा कि समिति अध्यक्ष बीना सिंह ने सचिव को पत्र लिखकर गन्ना ब्याज का हिसाब मांगा था तो गन्ना भुगतान के बारे में बैठक में विचारणीय विषय के लिए क्यों नहीं  लिखा जो किसानों के हित में बहुत ही आवश्यक विषय था। उन्होंने कहा कि बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड के गन्ना महाप्रबंधक जब गन्ना भुगतान नहीं कर सकते तो मंच पर उन्हें स्थान नहीं दिया जाना चाहिए इस पर विधायक अमन गिरि से उनकी नोक झोंक भी हुई, जिस पर विधायक ने कहा कि यह एजीएम की बैठक है यहां किसानों की नेतागिरी नहीं चलेगी ।
श्रीकृष्ण वर्मा ने मंच पर बैठे विधायक से कहा है कि बिना भुगतान दिये और इस पेराई सत्र का 14 दिन में भुगतान की शपथ पत्र दिये बिना चीनी मिल का चक्का नहीं घूमने दिया जाएगा।

राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि बजाज चीनी मिल पहले गन्ना किसानों का भुगतान करें अन्यथा पिछले पेराई सत्र का गन्ना भुगतान करने के बाद ही चीनी मिल चलेगी। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा और तेज हवाओं के कारण गन्ना किसानों का गन्ना और धान की फसल खेतों में गिर गई है,जिसे संभालना बहुत आवश्यक है इसलिए तुरंत गन्ने का भुगतान कराया जाए। 

बैठक को समिति के पूर्व अध्यक्ष आशीष सिंह, पूर्व अध्यक्ष सुरेश चंद वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
बैठक में गत वार्षिक साधारण सभा 17 मई की पुष्टि, चीनी मिल के गन्ना सुरक्षण,गन्ना समिति में आउट सोर्स माध्यम से लेखाकार नियुक्ति, समिति परिसर में कैंटीन मार्केटिंग सेंटर खोलने और लेखाकार परीक्षा हेतु चार्टर्ड अकाउंटेंट पैनल गठन के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष बीना सिंह ने एवं संचालन सचिव बलवंत चौधरी ने किया।