छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के ग्राम अलियापुर स्थित उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा हनुमान मंदिर सिकंदराबाद रोड गोला पर रविवार को शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर विशाल कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर हनुमान मंदिर के संरक्षक प्रमोद सिंह ने सामूहिक रूप से भंडारे के आयोजन के साथ ही कन्या का पूजन कर उन्हें विधिवत हलुआ, पूड़ी, सब्जी, चावल का भोग लगाकर भोजन कराया गया। इसके साथ ही कन्याओं को उपहार एवं दान दक्षिणा देकर कन्याओं को विदा किया गया। इस अवसर पर मंदिर के संरक्षक सहित श्रद्धालुओं ने माता की जयकारे के साथ मां से सुख, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना की। मंदिर के संरक्षक ने बताया शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर विशाल भंडारा एवं कन्या भोज के कार्यक्रम का आयोजन पिछले 25 वर्षों से करते आ रहे हैं।
इस अवसर पर मंदिर के संरक्षक ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को आध्यात्म की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार नन्हीं कन्याएं साक्षात मां दुर्गा (नवदुर्गा) के नौ रूपों का प्रतीक होती हैं। उनका पूजन करने और उन्हें भोजन कराने से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।