Sunday, 27 September 2026 | 9:59 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:लगातार बारिश से कायमगंज के कई इलाकों में जलभराव, तहसीलदार ने किया स्थलीय निरीक्षण

फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नगर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। तहसीलदार अरविंद कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी और संवेदनशील मार्गों की निगरानी के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।
Share:
फर्रुखाबाद:लगातार बारिश से कायमगंज के कई इलाकों में जलभराव, तहसीलदार ने किया स्थलीय निरीक्षण
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 26 सितंबर 2026 तहसील कायमगंज क्षेत्र में 25 सितंबर 2026 से लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति का जायजा लेने के लिए 26 सितंबर को तहसीलदार कायमगंज अरविंद कुमार ने कायमगंज नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। वहीं नायब तहसीलदार कम्पिल ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कायमगंज नगर में पुलिया कायमगंज से दमदमा मोड़, कोतवाली कायमगंज के सामने, ट्रांसपोर्ट चौराहे से मेन चौराहा, राजेंद्र गंगवार पेट्रोल पंप से मछली मंडी चौराहा और कुबेरपुर मोड़ सहित कई स्थानों पर जलभराव पाया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में रायपुर खास और भगौतीपुर में मुख्य मार्ग के ऊपर पानी बहता हुआ मिला। ग्राम रायपुर में एक स्थान पर मुख्य मार्ग का आंशिक कटान भी पाया गया। हालांकि, वर्तमान में मार्ग पर आवागमन जारी है। तहसीलदार ने ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय लेखपाल को सतर्कता बरतने तथा मार्ग की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

ग्राम भगौतीपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास जलभराव का पानी आबादी की ओर बढ़ता हुआ पाया गया। हालांकि, निरीक्षण के समय किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी।

जलभराव की स्थिति को देखते हुए तत्काल अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कायमगंज और नगर पंचायत कम्पिल को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था के लिए कार्य कराया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।