Sunday, 20 September 2026 | 11:24 AM
उत्तर प्रदेश

कन्नौज में हत्या का खुलासा: तिर्वा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद

कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र में प्रवेश दुबे की हत्या के मामले में पुलिस ने ब्रजमोहन सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब के नशे में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर रक्तरंजित कुल्हाड़ी और कपड़े बरामद किए गए।
Share:
कन्नौज में हत्या का खुलासा: तिर्वा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद
Read in your preferred language.

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज) : 19 सितंबर 2026 थाना तिर्वा क्षेत्र में हुई प्रवेश दुबे की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी (टकोरा) और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मामले में डॉग स्क्वॉड की भूमिका को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर यमुना प्रसाद ने टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।


पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 की रात यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम बेहरिन निवासी करीब 60 वर्षीय प्रवेश दुबे को किसी ने कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया है। सूचना पर थाना तिर्वा पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि प्रवेश दुबे घर के बाहर पशुओं के पास टीन शेड के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से सिर और चेहरे पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी।


घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण शार्प वेपन से लगी चोट के कारण शॉक एवं हेमरेज बताया गया।


मृतक के पुत्र प्रशान्त दुबे की तहरीर पर थाना तिर्वा में मु0अ0सं0 347/2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत ब्रजमोहन सिंह, रामतीर्थ, जीतू बाथम और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था।


विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को ब्रजमोहन सिंह पुत्र सुघर सिंह, निवासी ग्राम बेहरिन, थाना तिर्वा को उसके खेत में लगे ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में सामने आई वजह


पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ब्रजमोहन सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और गांव की एक महिला से उसके संबंध थे। घटना से दो दिन पहले उसने कथित रूप से उक्त महिला और मृतक प्रवेश दुबे को साथ बातचीत करते देखा था, जिसके बाद उसे शक हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी में आरोपी ने रात में शराब के नशे में प्रवेश दुबे पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।


पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी रक्तरंजित कुल्हाड़ी को खेत में छिपाकर चला गया और घटना के समय पहने कपड़ों को भी मक्के के खेत में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल्हाड़ी और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं।


गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की भूमिका की भी विवेचना की जा रही है।