–जमुआवां में प्राकृतिक खेती का मॉडल स्थापित किया गया
गया से द दस्तक 24 प्रतिनिधि उपेन्द्र पथिक द्वारा
गया जिला के वजीरगंज प्रखंड स्थित किसान भवन में शनिवार को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत खरीफ किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी सरोज कुमार मेहता ने की।
किसान गोष्ठी का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह, कृषि वैज्ञानिक रश्मि प्रियदर्शी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी (जैविक) आकृति कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर किसानों को खरीफ फसल तेलहन तिल, मूंगफली, सूर्यमुखी एवं आगामी रबी तेलहन फसलों की उन्नत एवं प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत जमुआवां पंचायत के टिकर पर गांव में प्राकृतिक खेती मॉडल स्थापित किया गया है। वहां के सभी लाभुक किसानों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती में बीज उपचार, जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्निअस्त्र के प्रयोग से कीट-व्याधि प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। किसानों से रासायनिक मुक्त खेती अपनाने का आह्वान किया गया।
मौके पर कृषि समन्वयक कुमार योगेश, बीटीएम कुमार विवेकानंद, किसान सलाहकार अमरेश कुमार, वरुण कुमार, रामबली चौहान, एटीएम पवन कुमार, पिंटू कुमार, दयानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष किसान उपस्थित थे।