Sunday, 27 September 2026 | 4:08 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : लगातार हो रही भारी बारिश से हाल-बेहाल, कई कालोनियां हुई जलमग्न

गोला गोकर्णनाथ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 3 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
Share:
लखीमपुर खीरी : लगातार हो रही भारी बारिश से हाल-बेहाल, कई कालोनियां हुई जलमग्न
घर में घुसे पानी की तस्वीर
Read in your preferred language.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के गोला गोकर्णनाथ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 3 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले लगभग 72 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। लगातार जारी भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों से लेकर मुख्य सड़कें और कॉलोनियां भी 2 से 3 फीट तक पानी में डूब चुकी हैं। कई जगहों पर जलभराव इस कदर बढ़ गया है कि पानी लोगों के घरों के बेडरूम और अस्पतालों तक में घुस गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे पिछले कई घंटे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। मूसलाधार बारिश से शुक्रवार और शनिवार को शहर पानी-पानी हो गया। सड़कें जगह जगह पर तालाब बन गई। सड़कों पर भारी जल-जमाव के कारण बाइक व स्कूटी जहां-तहां बंद हो गए। राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा़। बीते शुक्रवार से हो रही झमाझम बारिश से शहर की सड़कें और कालोनियां पानी से भर गई। 
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की सूरत ही बदल दी। शहर के ज्यादातर मार्गों पर कई घंटों पानी भरा रहा। हालांकि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू सहित नगर पालिका की टीम हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सड़कों पर उतरी और मौके पर राहत एवं आवश्यक कार्यों का जायजा लिया एवं संबंधित को दिशा निर्देश दिए।