नमन भास्कर ने देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मटियारी, केराकत के छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आयोजित इंडिया स्पेस वीक प्रतियोगिता-2025 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भारत अंतरिक्ष सप्ताह, नई दिल्ली के सेंट्रल जोन के नेशनल स्टेट कोआर्डिनेटर डॉ. प्रभांशु कुमार ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र नमन भास्कर ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके साथ ही विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान एवं उससे जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
डॉ. प्रभांशु कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए डीआरडीओ, इसरो तथा भारत अंतरिक्ष सप्ताह की स्थापना, संगठन एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उम्मीद जताई कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता मितेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
प्रधानाचार्य डॉ. राम बिहारी मौर्य ने छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ विभिन्न ज्ञान-विज्ञान एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक छात्रों को ऐसी प्रतियोगिताओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रतियोगिता से जुड़े अपने विचार साझा किए। संचालन मितेश कुमार मौर्य ने किया।
----------