Saturday, 28 November 2026 | 8:58 AM
उत्तर प्रदेश

पटियाली में 84 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गूंजा शहनाई का स्वर

Share:
पटियाली में 84 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गूंजा शहनाई का स्वर

27 मुस्लिम जोड़ों का भी धार्मिक रीति-रिवाजों से हुआ निकाह, गृहस्थी बसाने के लिए मिलेगी 64 हजार रुपये की सहायता

कासगंज (पटियाली)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को राजतिलक गेस्ट हाउस पटियाली में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कुल 84 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बने। इनमें 27 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों और नगर निकायों के पात्र जोड़ों ने हिस्सा लिया। इनमें विकासखंड कासगंज के आठ, सोरों के आठ, पटियाली के 32, गंजडुंडवारा के 29 तथा नगर पालिका परिषद कासगंज, सिढ़पुरा और मोहनपुर के एक-एक जोड़े का विवाह संपन्न हुआ। इसके अलावा नगर पालिका पटियाली के चार जोड़े भी वैवाहिक बंधन में बंधे।

समारोह में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नरेंद्र बहादुर चौहान एवं जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद कासगंज के लिए कुल 573 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र कन्या के दांपत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की सहायता राशि उसके आधार लिंक बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है तथा आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं।

योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। विवाह के लिए कन्या की आयु 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है।